धमधा। दुर्ग जिले के धमधा पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन में क्रूरतापूर्वक भरे गए 5 मवेशियों को मुक्त कराया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जप्त किए गए वाहन और मवेशियों की कुल कीमत लगभग 10.30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने नाकेबंदी कर दबोचा आरोपी
थाना धमधा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र पासिंग की एक सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप में गौवंशीय पशुओं को बेरला क्षेत्र से कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने राहटादाह चौक स्थित उन्नति आईटीआई के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर दी। शाम करीब 7:00 बजे जब संदिग्ध वाहन (क्रमांक एमएच 35 एजे 3531) वहां पहुँचा, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। वाहन चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
तिरपाल के नीचे छिपी थी क्रूरता
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस दंग रह गई। पिकअप के पीछे तिरपाल से ढंककर 5 मवेशियों (3 पड़िया और 2 पड़वा) को बेहद क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दुर्गेश घोरमारे (21), निवासी चिचटोला, जिला बालाघाट (म.प्र.) बताया। आरोपी मवेशियों को बेरला से लोड कर गोंदिया ले जा रहा था। पुलिस द्वारा मांगे जाने पर आरोपी कोई भी वैध परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
धमधा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 148/2026, छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पशु तस्करी या पशु क्रूरता जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
