बेरला: छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले प्रदेश भर के सहायक शिक्षक अपनी सात सूत्रीय मांगों के समर्थन में आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हो गए हैं। प्रांतीय आह्वान पर कल, दिनांक 15 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले प्रांत स्तरीय आंदोलन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए बेरला ब्लॉक के शिक्षकों ने पूरी तैयारी कर ली है।

इस संबंध में ब्लॉक अध्यक्ष गंगाधर दुबे के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बेरला अनुविभागीय अधिकारी (SDM) एवं विकास खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को ज्ञापन सौंपा है।
प्रमुख मांगें:
फेडरेशन ने अपनी जिन सात मुख्य मांगों को शासन के समक्ष रखा है, उनमें शामिल हैं:
- वेतन विसंगति दूर करना एवं क्रमोन्नति प्रदान करना।
- प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करना।
- TET परीक्षा में शिथिलता एवं विभागीय परीक्षा का आयोजन।
- पदोन्नति में वरिष्ठता को आधार बनाना।
- VSK APP की तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान।
- एकल शिक्षकीय शालाओं में उचित अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित करना।
- युक्तियुक्तकरण (Rationalization) के तहत वित्तीय प्रभार एवं अन्य विसंगतियां।
ब्लॉक अध्यक्ष गंगाधर दुबे ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार इन जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक शिक्षकों का संघर्ष जारी रहेगा। 15 जुलाई के इस प्रांत स्तरीय आंदोलन में बेरला ब्लॉक के समस्त शिक्षक एकजुट होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान योगेंद्र कुमार साहू, भूपेंद्र बंजारे, ओमनारायण साहू, राधेश्याम ईसदा, लोकेश साहू, राजा सिंह वर्मा और रामस्वरूप साहू सहित अनेक शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
