दुर्ग:-दुर्ग जिले के भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र में सुबह की सैर पर निकली एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर गले से सोने की चेन झपटकर भागने वाले शातिर मां-बेटे को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
क्या है पूरा मामला?
घटना आज सुबह यानी 31 जुलाई 2026 की है। प्रातः लगभग 6:10 बजे प्रार्थी श्रीमती उमा देवी (उम्र लगभग 70 वर्ष) अपने निवास के पास ही सेक्टर-01, सड़क नंबर-02 पर मॉर्निंग वॉक कर रही थीं।
इसी दौरान एक अज्ञात मोटरसाइकिल पर एक महिला और एक पुरुष सवार होकर वहां पहुंचे। अज्ञात महिला प्रार्थिया के पास आई और बातों में उलझाने के लिए “लकड़ी से फूल तोड़ा करो” ऐसा कहकर ध्यान भटकाया। इसी बीच मौका पाकर उसने बुजुर्ग महिला के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन (कीमती लगभग 2.50 लाख रुपये) झपट ली और दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेजी से फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद प्रार्थिया की शिकायत पर थाना भिलाई भट्टी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 97/2026 पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। विवेचना के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में संलिप्त एक महिला और एक पुरुष को अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी रिश्ते में मां और बेटे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- जी. गौतम (पिता ईश्वर, उम्र 20 वर्ष, निवासी कैंप-1, शांतिपारा)
- जे. पार्वती (पति ईश्वर, उम्र 48 वर्ष, निवासी कैंप-1, शांतिपारा, थाना छावनी, जिला दुर्ग)
बरामदगी
पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से घटना में छीनी गई सोने की संपूर्ण चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

