ताज़ा खबर :

अंधे कत्ल का खुलासा: चरित्र शंका में पत्नी की निर्मम हत्या कर खुद ही प्रार्थी बनकर थाने पहुंचा था कातिल पति, गिरफ्तार

कबीरधाम:-कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पत्नी की हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि खुद उसका पति ही निकला जो पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद प्रार्थी बनकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा था। लोहारा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

​क्या है पूरा मामला?

​यह घटना 16 जुलाई 2026 की है। थाना सहसपुर लोहारा में प्रार्थी द्रोणाचार्य वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी किरण वर्मा सुबह खेत में काम करने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि उनकी पत्नी एक खेत में ट्यूबवेल के पीछे गंभीर हालत में मृत पड़ी हैं। उनके सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे तथा पास में खून से सने ईंट के टुकड़े मिले थे।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लोहारा में अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने वैज्ञानिक जांच शुरू की।

​ऐसे खुला राज: पति के बयानों में मिला झोल

​विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों, ग्रामीणों और संदिग्धों से पूछताछ की। इस दौरान मृतका के पति और खुद प्रार्थी बने द्रोणाचार्य वर्मा के बयानों में भारी विरोधाभास पाया गया।

​जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर टिक नहीं पाया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते उनके बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर झगड़ा बढ़ा, जिसके बाद आरोपी ने खौफनाक कदम उठा लिया।

​ईंट और सीएफएल बल्ब से की थी हत्या

​आरोपी पति ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने पहले पत्नी पर ईंट से हमला किया। इसके बाद वह उसे घसीटकर ट्यूबवेल पंप हाउस के पीछे ले गया, जहां उसने ईंट और सीएफएल बल्ब के कांच से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को छिपाने और पुलिस को चकमा देने के लिए उसने खुद थाने पहुंचकर गुमशुदगी और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

​बरामदगी और गिरफ्तारी

​पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट, सीएफएल बल्ब के टूटे टुकड़े, मृतका के रक्तरंजित कपड़े और आरोपी की खून से सनी शर्ट बरामद कर ली है। लोहारा पुलिस ने आरोपी द्रोणाचार्य वर्मा को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

​इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर और उनकी संयुक्त टीम के सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें