बेमेतरा, 03 अगस्त 2026: बेमेतरा जिले के थाना साजा क्षेत्रांतर्गत ग्राम भरदा लोधी में दिनदहाड़े छीनाझपटी की एक बड़ी घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव और एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में यह सफलता मिली है।
प्रार्थिया की रिपोर्ट:
प्रार्थिया श्रीमती मोतिम बाई (निवासी भरदा लोधी) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 02 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 02 बजे जब वह अपने पति के साथ घर के बाहर बैठी थीं, तब काले रंग की मोटर सायकल (क्रमांक CG 25 P 6024) पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। रास्ता पूछने के बहाने उनमें से एक युवक ने महिला के गले से तांत की रस्सी और काले माला में गुंथे 09 नग सोने की पत्ती (कीमती लगभग 1,50,000/- रुपये) झपट ली और दोनों बाइक पर सवार होकर मुंगलाटोला की तरफ फरार हो गए।
घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना साजा में अपराध क्रमांक दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मोटर सायकल चोरी का भी हुआ खुलासा:
विवेचना के दौरान ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने संदिग्ध अवध राम ध्रुव और दिलेश्वर साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को आरोपियों ने थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम मरका से चुराया था। इस संबंध में प्रार्थी सत्य कुमार ध्रुव द्वारा थाना नवागढ़ में पहले ही वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस की सराहनीय भूमिका:
आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटर सायकल (कीमत करीब 70,000/- रुपये) जप्त कर ली गई है। दोनों आरोपियों को दिनांक 03.08.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू, थाना प्रभारी नवागढ़ उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव सहित साजा और नवागढ़ पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
