ताज़ा खबर :

लम्बे अरसे से किराए के दो कमरों में सिमटी देवरबीजा बिजली व्यवस्था, भवन विहीन जेई ऑफिस में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, कर्मचारी और उपभोक्ता दोनों परेशान

​■बेमेतरा:- साजा विद्युत संभाग और देवकर सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाला देवरबीजा डीसी (वितरण केंद्र) का जेई ऑफिस इन दिनों गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। जिसमे काफी अरसे से अपना खुद का भवन न होने के कारण यह महत्वपूर्ण कार्यालय दुर्ग-बेमेतरा मुख्य मार्ग पर एक किराए के छोटे से भवन में संचालित हो रहा है। स्थिति यह है कि केवल दो व्यावसायिक आकार के कमरों के सहारे पूरे ग्रामीण क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को संभालने की मजबूरी बनी हुई है। चूँकि भवन विहीन होने और जगह की भारी कमी के चलते यहाँ आने वाले आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ विभागीय कर्मचारियों को भी भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
जबकि इस किराए के दफ्तर में काफी अरसे से ही बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है, जिससे यहाँ का कामकाज हरसाल जैसे तैसे पटरी से उतरता नजर आ रहा है। देखा जाए तो मुख्य मार्ग पर स्थित होने के बावजूद इस कार्यालय परिसर में वाहन पार्किंग के लिए कोई जगह नहीं है, साथ ही पेयजल जैसी बेहद जरूरी सुविधा तक का जबरदस्त अभाव है। वही कर्मचारियों की मानें तो सीमित संसाधनों और जगह की तंगी के बीच काम करना किसी चुनौती से कम नहीं है। इसके अलावा, कार्यालय में पर्याप्त अमले (कर्मचारियों) की भी भारी कमी है, जिसके कारण मैदानी स्तर पर बिजली सुधार और शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब होता है, और कर्मचारियों पर अतिरिक्त मानसिक दबाव बना रहता है।
​खास बात यह है कि देवरबीजा अकेला ऐसा जेई कार्यालय नहीं है जो इस तरह की प्रशासनिक और बुनियादी लाचारी से जूझ रहा है, बल्कि बेमेतरा जिले के अन्य हिस्सों में भी हालात कमोबेश ऐसे ही हैं। वर्तमान में दोनों डिवीजनों के अंतर्गत आने वाले परपोड़ी डीसी के जेई ऑफिस सहित कई अन्य जगहों पर भी विद्युतकर्मी और उपभोक्ता बदहाल व्यवस्था के बीच काम करने को मजबूर हैं। बहरहाल, सरकार और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को इस ओर गंभीर ध्यान देने की जरूरत है, ताकि समय रहते इन ग्रामीण वितरण केंद्रों को पक्के भवन और पर्याप्त संसाधन मिल सकें और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें