नया बस स्टैण्ड दुर्ग के पास कार में बैठे युवकों के साथ गाली-गलौज, मारपीट, तोड़फोड़ और कटर दिखाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पद्मनाभपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल 2 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं 2 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस तरह घटी घटना
बोरसी पद्मनाभपुर निवासी प्रार्थी सूरज साहू (31 वर्ष) ने थाना पद्मनाभपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 18 अगस्त 2026 की तड़के लगभग 3:00 से 3:30 बजे के बीच वह अपने साथियों (रवि साहू, राहुल साहू और राजा) के साथ अपनी बलेनो कार (CG11/AN/2387) में नया बस स्टैण्ड दुर्ग के पास बैठा था।
इसी दौरान एक अर्बानिया मिनी बस (CG07CY9600) कार के बगल में आकर रुकी। बस का दरवाजा जोर से खोलने से कार में डेंट लग गया। जब प्रार्थी के साथी ने संभलकर दरवाजा खोलने की बात कही, तो बस में सवार चारों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
कटर दिखाकर की लूटपाट
मारपीट के दौरान आरोपियों ने धारदार कटर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और प्रार्थी व उसके साथी का मोबाइल लूट लिया। इसके बाद कार के कांच तोड़कर डैशबोर्ड में रखे ₹5,000 नगद निकाल लिए और अपनी मिनी बस में सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 470/2026, धारा 309(6), 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
- गिरफ्तार बालिग आरोपी:
- कोमल निषाद (32 वर्ष), निवासी कुंदरा पारा, दुर्ग
- पूरन निषाद (19 वर्ष), निवासी कुंदरा पारा, दुर्ग
- नाबालिग: 02 विधि से संघर्षरत बालक (पहचान गुप्त)
- बरामद सामग्री: 1 नग सैमसंग मोबाइल, 1 नग आईक्यू (IQ) मोबाइल, घटना में प्रयुक्त 1 धारदार कटर और अर्बानिया मिनी बस (CG07CY9600)।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों के जमावड़े की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। शांति व कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस त्वरित कार्रवाई और विवेचना में थाना पद्मनाभपुर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

