
देवकर:- नगर बेरला में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षा सम्मान समारोह में देवकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पूर्व प्रभारी प्राचार्य एवं सहसपुर निवासी रामानुज श्रीवास (आरपी श्रीवास) को उनके 44 वर्षों के उत्कृष्ट एवं निष्कलंक शैक्षणिक कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्ति पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमांशु द्विवेदी और अध्यक्षता कर रहे अवधेश चंदेल के कर-कमलों द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। हर साल की तरह हर्षोल्लास के साथ मनाए गए इस भव्य आयोजन में जिलेभर से आए गणमान्य शिक्षकों और शिक्षाविदों की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने श्रीवास के लंबे और प्रेरणादायक सेवाकाल की सराहना की।
अपने चार दशकों से अधिक लंबे सफर को याद करते हुए सहसपुर के सेवानिवृत्त व्याख्याता रामानुज श्रीवास ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में छात्रों का भविष्य गढ़ना ही उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी रही है। देवकर हाईस्कूल में प्रभारी प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं देते हुए उन्होंने हमेशा अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता दी, जिसका प्रतिफल आज इस जिला स्तरीय सम्मान के रूप में उन्हें मिला है। इस विदाई और सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्र के शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
