बेमेतरा / देवकर::-भारत स्काउट्स और गाइड्स जिला संघ बेमेतरा के तत्वावधान में साजा विकासखंड के पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) देवकर में ‘जिला स्तरीय वरिष्ठ स्काउट-गाइड / रोवर-रेंजर आपदा प्रबंधन सह यूथ फोरम शिविर’ का भव्य शुभारंभ हुआ है। यह चार दिवसीय शिविर 24 से 27 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

163 स्काउट-गाइड्स और रोवर-रेंजर ले रहे हैं हिस्सा
जिला मुख्य आयुक्त राजेश पटेल एवं जिला शिक्षा अधिकारी सह पदेन जिला आयुक्त स्काउट अभय जायसवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ 24 अक्टूबर 2026 को पंजीयन और ध्वज शिष्टाचार के साथ हुआ। इस शिविर में बेमेतरा जिले के चारों विकासखंडों—साजा, बेरला, बेमेतरा और नवागढ़ से कुल 163 स्काउट-गाइड्स एवं रोवर-रेंजर ने उत्साहपूर्वक अपना पंजीयन कराया है।
विशेषज्ञों द्वारा आपदा प्रबंधन और जीवन रक्षा कौशल का प्रशिक्षण
शिविर के दूसरे दिन प्रतिभागियों को आपदा से निपटने और राहत कार्यों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। सुबह के सत्र में प्रतिभागियों को रस्सियों में विभिन्न प्रकार की गांठ (Knot) लगाना और प्राथमिक उपचार (First Aid) के लिए पट्टियों के प्रकार व उनके उपयोग की विस्तार से जानकारी दी गई।
भोजन अवकाश के पश्चात, राज्य आपदा प्रबंधन छत्तीसगढ़ मुख्यालय रायपुर से आए आपदा मित्र प्रशिक्षक छम्मन साहू ने शिविरार्थियों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने आपदा क्या है, आपदा के पूर्व, आपदा के दौरान और आपदा के बाद की तैयारियों पर प्रकाश डाला। इसके अलावा—
- भूकंप और उससे बचाव के उपाय
- LSS (जीवन रक्षा कौशल)
- LSP (लाइटनिंग सेफ्टी फास्चर)
- FBAO (फॉरेन बॉडी एयरवे ऑब्स्ट्रक्शन)
- बैक थ्रस्ट, हेमलिज (Heimlich) विधि एवं फ्लैग हेमलिज आदि जीवन रक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि इन विधियों के जरिए युवा किसी भी आपात स्थिति या आपदा के समय आम नागरिकों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ कैंप फायर
प्रशिक्षण के बाद रात्रि सत्र में आकर्षक कैंप फायर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ और भारत के अन्य राज्यों की लोक संस्कृति एवं लोक नृत्यों पर आधारित मनमोहक रंगमंचीय प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा परिसर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो गया।
शिविर के सफल संचालन हेतु गठित संचालक मंडल
शिविर के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न प्रभारियों की नियुक्ति की गई है:
- शिविर संचालक: अनुज राम साहू
- क्वार्टर मास्टर: गौकरण लाल पाटिल
- स्वास्थ्य प्रभारी: डॉ. धर्मेंद्र वर्मा, विनिता खलको
- स्थानीय प्रभारी: ऐला राम देवांगन
- मीडिया प्रभारी: चन्द्रशेखर पटेल
- मंच संचालन: ईश्वर साहू
- अनुशासन प्रभारी: भावना वैष्णव
- अतिथि सत्कार: योगेश साहू
- आवास व्यवस्था: मोहिता रेड्डी, जोगी राम वर्मा
- कैंप फायर प्रभारी: ऋषभ सिंह राजपूत
- सेशन प्रभारी: बोधी राम पुरैना
- कार्यक्रम प्रभारी: फनेन्द्र कुमार लोधी, पुनीत साहू
