दुर्ग। जिले में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध वाहनों के परिवहन पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना खुर्सीपार क्षेत्र में पुलिस ने रात की चेकिंग के दौरान एक मॉडिफाइड बोलेरो पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है।
गुप्त सूचना पर डबरापारा के पास घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि सफेद रंग का बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन (क्रमांक: CG 04 QU 5996) रायपुर से नागपुर की ओर भारी मात्रा में संदिग्ध नकदी लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खुर्सीपार पुलिस टीम ने डबरापारा के पास तुरंत नाकेबंदी और वाहन चेकिंग शुरू की। रात करीब 11:00 बजे जैसे ही उक्त पिकअप वाहन डबरापारा पहुँचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।
डाला मॉडिफाई कर बनाया था स्पेशल गुप्त चेंबर
जब पुलिस ने वाहन की बारीकी से जांच की, तो पाया गया कि पिकअप के पिछले हिस्से (डाले) को मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद कर दिया गया था। सघन तलाशी लेने पर उसके भीतर एक विशेष गुप्त चेंबर (Hidden Chamber) दिखाई दिया। जब चेंबर को खोला गया, तो पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए। अंदर भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा (नोटों के बंडल) छुपाकर रखे गए थे।
गिनती करने पर कुल रकम 4,00,00,000/- रुपये (चार करोड़ रुपये) पाई गई।

चालक समेत दो हिरासत में, आयकर विभाग को भेजी जा रही सूचना
वाहन में दो लोग सवार थे, जिनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। इतनी बड़ी रकम के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के वैध दस्तावेजों के संबंध में जब दोनों से पूछताछ की गई, तो वे कोई स्पष्ट या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद की गई भारी-भरकम रकम के वित्तीय स्रोत और संभावित हवाला कनेक्शन की गहन जांच के लिए पुलिस द्वारा आयकर विभाग (Income Tax Department) को भी औपचारिक सूचना भेजी जा रही है।

