
दुर्ग जिले में साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना जामुल, थाना पद्मनाभपुर और ACCU (एंटी क्राईम एंड सायबर यूनिट) की संयुक्त कार्रवाई में कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराने वाले 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जप्त किए हैं।
5 हजार से 15 हजार रुपये में बिकते थे खाते
पुलिस जांच में सामने आया कि ये आरोपी 5,000 से 15,000 रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने और अन्य भोले-भाले लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को सौंप देते थे। इन खातों में साइबर ठगी की अवैध रकम का लेन-देन और छिपाने का काम किया जाता था। खातों के साथ-साथ उनके पासबुक, एटीएम, चेकबुक और सिम कार्ड भी अपराधियों को मुहैया कराए जाते थे।
इन मामलों में हुई कार्रवाई
- थाना जामुल: अपराध क्रमांक 522/2026, धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस (BNS) के तहत 3 खाताधारकों पर कार्रवाई।
- थाना पद्मनाभपुर: अपराध क्रमांक 439/2026, धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस (BNS) के तहत 9 खाताधारकों और 2 एजेंटों सहित कुल 11 आरोपियों पर कार्रवाई।
इन मामलों से जुड़े बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है, जिनकी तकनीकी और वित्तीय गहराई से जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
थाना जामुल (खाताधारक):
- मनोज यादव (49 वर्ष, भिलाई नगर)
- प्रदीप कुमार (61 वर्ष, पद्मनाभपुर)
- अक्षय राज (30 वर्ष, सुपेला)
थाना पद्मनाभपुर (खाताधारक एवं एजेंट):
- महेश महानंद (42 वर्ष, सुपेला)
- उपेन्द्र सिंह (28 वर्ष, सुपेला – एजेंट)
- संतोष कुमार सोनी (37 वर्ष, सुपेला)
- कुंदन कुमार (32 वर्ष, छावनी – एजेंट)
- सुमित कुमार सिंह (30 वर्ष, नेवई)
- लोकेश बघेल (26 वर्ष, जामुल)
- मोहन मांझी (35 वर्ष, छावनी)
- अंकित डोगरे (29 वर्ष, छावनी)
- आशुतोष तांडी (28 वर्ष, पद्मनाभपुर)
- कुमारी हेमा सिन्हा (पद्मनाभपुर)
- सरस्वती ठाकुर (भिलाई नगर)
दुर्ग पुलिस की आम नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते ہوئے कहा है कि कभी भी किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या मोबाइल सिम कार्ड उपयोग के लिए न दें। थोड़े से कमीशन या आर्थिक लाभ के लालच में बैंक खाता देना आपको गंभीर कानूनी कार्रवाई और साइबर अपराध के दायरे में ला सकता है।
यदि आपके बैंकिंग दस्तावेजों का किसी ने दुरुपयोग किया है, तो तुरंत बैंक और नजदीकी थाने को सूचित करें। साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 या आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in का उपयोग करें।
