दुर्ग:
दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम पाहंदा में आपसी विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना अमलेश्वर और सायबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को रायपुर के चंगोराभाठा से धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार धारदार हथियार, दो मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन जप्त किए हैं।
क्या था पूरा मामला?
बीते 9 नवंबर 2026 की रात्रि करीब 10:00 बजे ग्राम पाहंदा स्थित बाजार चौक के पास आपसी विवाद के दौरान आरोपियों ने ग्राम पाहंदा निवासी त्रिदेव बंधे पर हत्या की नीयत से धारदार हथियार से गंभीर हमला कर दिया था, जिससे उसके पेट में गहरी चोट आई। घटना के बाद घायलावस्था में उसे तत्काल उपचार के लिए रायपुर स्थित एम्स अस्पताल ले जाया गया।
प्रार्थिया की शिकायत पर थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 164/2026, धारा 109 बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
रायपुर से दबोचे गए आरोपी
अमलेश्वर पुलिस और सायबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चंगोराभाठा, रायपुर से निम्नलिखित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया:
- गोपी साहू (उम्र 32 वर्ष, निवासी शिव नगर, चंगोराभाठा, रायपुर)
- अंकित सोनकर (उम्र 19 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा, रायपुर)
- भेदराज निर्मलकर (उम्र 25 वर्ष, निवासी न्यू चंगोराभाठा, रायपुर)
आरोपियों के पास से एक बटनदार चाकू, दो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-04-LG-0726 और CG-04-PA-2955) और 3 मोबाइल जप्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी तेजी से जारी है।
