ताज़ा खबर :

बेरला: एनएमएमएस परीक्षा में खम्हरिया की बेटी करुणा का कमाल, छात्रवृत्ति के लिए हुआ चयन; भाजयुमो जिला मंत्री ने किया सम्मानित

बेरला: राष्ट्रीय स्तर की नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा 2025-26 के परिणाम में बेरला विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला खम्हरिया (म) की होनहार छात्रा कुमारी करुणा साहू ने सफलता का परचम लहराया है। करुणा की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बेरला ब्लॉक और बेमेतरा जिले का मान बढ़ा है।

संकल्प और मेहनत से मिली सफलता

करुणा साहू ने इस प्रतियोगी परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मेंटल एबिलिटी टेस्ट में 46 और स्कॉलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट में 60 अंक हासिल किए। कुल 106 अंकों के साथ छात्रवृत्ति के लिए चयनित होकर करुणा ने साबित कर दिया कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इस चयन के बाद अब करुणा को कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति (आर्थिक सहायता) प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई और आसान हो जाएगी।

सम्मान समारोह में उत्साह का माहौल

करुणा की शानदार सफलता पर विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला मंत्री लीलाराम साहू उपस्थित रहे। उन्होंने करुणा को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लीलाराम साहू ने अपने संबोधन में कहा, “करुणा की सफलता ग्रामीण क्षेत्रों के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि संसाधन सीमित होने के बावजूद सही दिशा में की गई मेहनत रंग लाती है।”

विद्यालय परिवार में खुशी की लहर

इस उपलब्धि पर शाला की प्रधान पाठिका देवांगन, शाला समिति अध्यक्ष रमेश सिन्हा, तिलक साहू, शिक्षक चौधरी, अरविंद कश्यप, शिक्षिका बघेल सहित समस्त ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने करुणा के अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए इसे शाला के शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रा के सामूहिक प्रयासों का सुखद परिणाम बताया। विद्यालय परिवार ने करुणा को निरंतर आगे बढ़ने और भविष्य में प्रशासनिक या अन्य उच्च पदों पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें


धमधा में पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का शुभारंभ, बड़ी संख्या में लोग ले रहे लाभ

धमधा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग छत्तीसगढ़ शासन, रायपुर…