बेमेतरा: जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र के घोरेघाट गाँव में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर सुलझा ली है। आरोपी हेमलाल आडिल ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी भाभी और भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नंदकुमार गंधर्व ने पुलिस को सूचना दी कि 16 जून 2026 की शाम जब वह गाँव से गुजर रहा था, तो उसने आरोपी हेमलाल आडिल को अपनी भतीजी सकुंतला आडिल के साथ मारपीट करते और उसका सिर नाली में दबाते हुए देखा। जब प्रार्थी ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वह दो लोगों (भाभी और भतीजी) को मार चुका है।
घटनास्थल पर पहुँचने पर प्रार्थी ने देखा कि सकुंतला आडिल (18 वर्ष) का शव नाली में पड़ा था और उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। वहीं, उसकी माँ कुमारी बाई आडिल (50 वर्ष) की भी सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। DIG रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव, एसडीओपी भुषण एक्का और डीएसपी कौशिल्या साहू के मार्गदर्शन में दाढ़ी पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी हेमलाल आडिल (45 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
पूर्व में भी रह चुका है आरोपी जेल
जांच में सामने आया कि आरोपी हेमलाल आडिल आदतन अपराधी है। वह वर्ष 2016 के एक मामले में 10 साल की सजा काट चुका है और करीब 8 वर्ष जेल में रहने के बाद 2024 में ही जेल से छूटकर वापस गाँव आया था।
कार्यवाही में इनकी रही भूमिका
इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में दाढ़ी थाना प्रभारी राकेश साहू, चंदनू थाना प्रभारी दुलेश्वर चंद्रवंशी, नवागढ़ थाना प्रभारी भुनेश्वर यादव, FSL टीम और दाढ़ी थाने के अन्य स्टाफ सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।


