बेमेतरा / परपोड़ी:
जिला बेमेतरा के थाना परपोड़ी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए किसान के कोठार (ब्यारा) का ताला तोड़कर खाद चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई डीएपी और पोटाश खाद बरामद कर ली है, जबकि मामले का दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
ताला तोड़कर पार कर दी थी 15 बोरी खाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गिरवर सिन्हा ने थाना परपोड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मई से 14 मई 2026 के बीच किसी अज्ञात चोर ने उनके कोठार में बने कमरे का ताला तोड़ दिया। चोरों ने कमरे के भीतर रखी 12 बोरी डीएपी (कीमत ₹16,800) और 03 बोरी पोटाश (कीमत ₹5,700) जुमला कीमती ₹22,500 पर हाथ साफ कर दिया था। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 331 (3) और 305 (ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी, उगला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी परपोड़ी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदेही कुलेश्वर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी कुलेश्वर ने अपने साथी केशव यादव के साथ मिलकर 9 मई की रात चोरी की इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आपस में बांट ली थी खाद, एक आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पूछताछ में यह बात सामने आई कि चोरी की गई कुल 15 बोरियों में से मुख्य आरोपी केशव यादव ने 10 बोरी डीएपी और 2 बोरी पोटाश अपने पास रख ली थी, जबकि कुलेश्वर साहू को हिस्से में 2 बोरी डीएपी और 1 बोरी पोटाश मिली थी।
जब्ती और गिरफ्तारी: पुलिस ने आरोपी कुलेश्वर साहू के कब्जे से ₹4,700 कीमत की 02 बोरी डीएपी और 01 बोरी पोटाश जब्त कर ली है। आरोपी कुलेश्वर साहू (पिता रघुनाथ साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोडमर्रा) को 15 मई 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले के फरार आरोपी केशव यादव की तलाश सरगर्मी से जारी है।
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी परपोड़ी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय, सउनि पुरूषोत्तम कुलार्य, प्रधान आरक्षक येमन बघेल, आरक्षक शिव यादव, रमेश चंद्रवंशी सहित परपोड़ी थाने के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
