बेमेतरा। जिले के साजा थाना क्षेत्र के ग्राम हरडुवा में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद के बाद आवेश में आकर एक युवक ने पत्थर से सिर कुचलकर नरेश देशलहरे (40 वर्ष) की नृशंस हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी यशवंत साहू (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोंगीखपरी निवासी नरेश देशलहरे 21 जून 2026 की सुबह अपनी स्कूटी से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 22 जून की सुबह ग्रामीणों ने एक अज्ञात व्यक्ति को फोटो भेजकर किशन मानिकपुरी को जानकारी दी, जिसे देखकर परिजनों ने मृतक की पहचान नरेश देशलहरे के रूप में की। नरेश का शव ग्राम हरडुवा के कन्हार खार धरसा स्थित खेत में खून से लथपथ मिला था और सिर पर गहरी चोट के निशान थे। साजा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की तत्परता और साक्ष्य की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए DIG रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव और एसडीओपी विनय कुमार के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान FSL और डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम हरडुवा निवासी यशवंत साहू पर संदेह जताया।
इशारों में कबूला गुनाह
आरोपी यशवंत साहू मूक-बधिर (गूंगा) है। जब उसके बड़े भाई बनवाली साहू के माध्यम से उससे पूछताछ की गई, तो उसने इशारों-इशारों में पूरी सच्चाई बयां कर दी। आरोपी ने बताया कि 21 जून को उसने नरेश देशलहरे के साथ मिलकर शराब पी थी, उसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और आवेश में आकर उसने पास पड़े पत्थर से नरेश के सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके द्वारा घटना के समय पहने हुए कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। इस कार्यवाही में सायबर सेल प्रभारी मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी साजा रोशन लाल टोन्डे, चौकी प्रभारी देवकर अलील चंद सहित सायबर सेल और साजा थाने की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
