बेमेतरा जिले में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों एवं अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा और चौकी देवरबीजा की संयुक्त पुलिस टीम ने बकरी चोरी के दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस तरह देते थे वारदातों को अंजाम
- ग्राम पदमी में चोरी: 25 जुलाई 2026 की रात प्रार्थी उत्तम यादव के घर के कोठे की दीवार को सब्बल से तोड़कर अज्ञात चोरों ने 14 नग बकरा-बकरी (कीमती करीब 49,000 रुपये) चुरा लिए थे।
- ग्राम मानपुर में चोरी: 13 अप्रैल 2026 की रात प्रार्थी महेन्द्र यादव के कोठे की दीवार तोड़कर 15 नग बकरियां (कीमती करीब 45,000 रुपये) चोरी कर ली गई थीं।
पुलिस विवेचना के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी मनीष कुमार पटेल अपनी महिंद्रा एक्सयूवी (क्रमांक CG 10 N 7266) गाड़ी से अपने साथियों के साथ बिलासपुर से आकर बेमेतरा क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देते थे। मुख्य आरोपी मनीष कुमार पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसके कब्जे से 5 नग बकरी-बकरा, एक लोहे का सब्बल, 2 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त 3 लाख रुपये की महिंद्रा एक्सयूवी ज़ब्त की गई थी।
प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए आरोपी
प्रकरण में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी साबीर खान और मुकेश यादव जिला जेल जांजगीर-चांपा में निरुद्ध हैं। बेमेतरा पुलिस ने माननीय न्यायालय चांपा से अनुमति लेकर दोनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर बेमेतरा न्यायालय में पेश किया।
आज दिनांक 04.11.2026 को पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश कर दिया है। प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- साबीर खान (पिता मकसूद खान, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम चिलहाटी, बिलासपुर)
- मुकेश यादव (पिता विश्राम यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चिलहाटी, बिलासपुर)
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक दीनानाथ सिन्हा, प्रधान आरक्षक अनंत कोठारी, अवधेश सिंह, आरक्षक मुकेश कुमार चंद्रवंशी, रोशन वर्मा तथा थाना सिटी कोतवाली और चौकी देवरबीजा की संयुक्त टीम का सराहनीय योगदान रहा।
