कबीरधाम जिले के थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी का शानदार परिचय देते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर चोरी गई मोटरसाइकिल को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की सख्त नाकेबंदी और लगातार दबिश के चलते आरोपी बाइक लेकर भागने में असफल रहा और वाहन को बाईपास रोड के पास नहर किनारे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए बाइक उसके असली मालिक को सौंप दी है।
घटना का विवरण
प्रार्थी लालूराम साहू (निवासी कन्हैया नगर, कवर्धा) पुराना बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। दिनांक 01 नवंबर 2026 को ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 09 JG 2919) रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी की थी। इस दौरान भूलवश चाबी मोटरसाइकिल में ही लगी रह गई थी। कुछ समय बाद जब उन्होंने बाहर आकर देखा, तो बाइक गायब थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा गाड़ी चोरी किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस की त्वरित सक्रियता और नाकेबंदी
घटना की शिकायत मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सघन खोजबीन शुरू की गई।
पुलिस की लगातार दबिश और चौतरफा घेराबंदी के कारण चोर मोटरसाइकिल को लेकर शहर से भागने में सफल नहीं हो सका। पुलिस टीम द्वारा की गई सतत पतासाजी के दौरान चोरी गई मोटरसाइकिल बाईपास रोड के पास नहर के किनारे लावारिस हालत में बरामद कर ली गई।
वाहन मालिक के चेहरे पर लौटी हंसी
महज चंद घंटों के भीतर पुलिस की सक्रियता से अपनी मोटरसाइकिल सुरक्षित वापस मिलने पर वाहन मालिक लालूराम साहू ने कबीरधाम पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम
इस पूरी त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के कुशल नेतृत्व में निम्नलिखित पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही:
- प्रशिक्षु उप निरीक्षक: खिलेंद्र देवांगन
- आरक्षक: धर्मेंद्र मरावी
- आरक्षक: संतोष बांदेकर
