छत्तीसगढ़ / बेमेतरा:
बेमेतरा जिले के नगर पंचायत देवकर से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ असामाजिक तत्वों ने शिक्षा के मंदिर को अपना निशाना बनाया। बीती रात अज्ञात उपद्रवियों ने शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में घुसकर जमकर तांडव मचाया और स्कूल की सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचाया है। घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और पालकों में भारी आक्रोश है।
खिड़की-ताले तोड़कर अंदर घुसे बदमाश, कंप्यूटर-टीवी किए क्षतिग्रस्त

मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने स्कूल के कमरों का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इसके बाद अंदर रखे माइक्रोस्कोप, एलईडी टीवी, कंप्यूटर और ब्लैक बोर्ड को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हद तो तब हो गई जब उपद्रवियों ने बच्चों के स्वास्थ्य के लिए रखी आयरन की दवाइयों और अन्य शिक्षण सामग्रियों को स्कूल परिसर में ही फेंक कर बर्बाद कर दिया। इसके अलावा, स्कूल की गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जरूरी दस्तावेज़ों को भी तितर-बितर कर दिया गया।
सुबह खुला स्कूल तो खुला रह गया सबका मुंह
रोजाना की तरह जब सुबह स्कूल खोला गया, तब वहां का नजारा देखकर शिक्षक और स्टाफ दंग रह गए। सारा सामान टूटी-फूटी अवस्था में चारों तरफ बिखरा पड़ा था। घटना की भनक लगते ही स्कूल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, नुकसान का आकलन जारी
चौकी प्रभारी और संकुल प्रभारी का एक्शन:
घटना की जानकारी मिलते ही संकुल प्रभारी राजेश चंद्रवंशी ने तत्काल देवकर चौकी पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मौका-मुआयना किया और पंचनामा तैयार किया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है।
फिलहाल स्कूल प्रबंधन द्वारा नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह केवल तोड़फोड़ का मामला है या असामाजिक तत्व कुछ कीमती सामान चोरी भी कर ले गए हैं। फिलहाल अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।

स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश
नगर पंचायत देवकर में लगातार बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों ने अब बच्चों के भविष्य और सुरक्षा पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।

