भिलाई। दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में कैरम सेंटर पर हुए मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे 6 मुख्य आरोपियों और 2 विधि-विरुद्ध बालकों (नाबालिग) को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले भी कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसके बाद शेष फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी थी।
क्या था मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 7 अप्रैल 2026 की है। प्रार्थी मोहम्मद वसीम अहमद नगर, कैम्प-02 स्थित अयाज अहमद सिद्दीकी के कैरम सेंटर पर बैठा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने सिगरेट मांगी। वसीम द्वारा दुकान संचालक से सिगरेट मांगने की बात कहने पर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोपियों ने एकमत होकर प्रार्थी के साथ गाली-गलौज की, गला दबाया और किसी नुकीली वस्तु से वार कर जानलेवा हमला किया।
पुलिस की कार्रवाई
प्रार्थी की शिकायत पर थाना छावनी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं (296, 351(3), 118(1), 109, 3(5)) के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ित की हत्या करने की नीयत से उस पर जानलेवा प्रहार किया था।
पुलिस ने सउनि दिनेश कुमार सिंह, आरक्षक विकास सिंह और संदीप सिंह की टीम के साथ मिलकर लगातार दबिश दी और फरार आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में शहनवाज कुरैशी, शेख अनिस, मोहम्मद जाकिर, शोएब अख्तर, मोहम्मद अली और गौरव चौधरी शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस की सख्त नसीहत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही, दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि छोटी-मोटी बातों पर विवाद न करें और न ही कानून को अपने हाथ में लें। किसी भी तरह की आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
