ताज़ा खबर :

कलेक्ट्रेट के पीछे प्रशासनिक लापरवाही, कीचड़ और दलदल में फंसे कई प्रमुख सरकारी दफ्तर, अधिकारियों-कर्मचारियों का चलना हुआ दूभर, शासकीय कामकाज प्रभावित

बेमेतरा:- स्थानीय नगर पालिका क्षेत्र के कोबिया इलाके में स्थित कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत कार्यालय के पीछे का हिस्सा इन दिनों प्रशासनिक लापरवाही और बारिश के कारण गंभीर दलदल में तब्दील हो गया है। इस क्षेत्र में आयुर्वेद विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय, हथकरघा विभाग और पीएमजीएसवाई जैसे कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालय संचालित होते हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों और आम जनता का आना-जाना होता है। वही बरसात शुरू होने से पहले जिला और नगर पालिका प्रशासन को यहां आवागमन की सुगम व्यवस्था करनी थी, लेकिन पक्की सड़क के अभाव में पूरा मार्ग कीचड़ और फिसलन से भर गया है। फिलहाल स्थिति इतनी बदतर हो गई है कि पैदल चलना भी दूभर हो चुका है, जिससे शासकीय कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
​कार्यालयों के प्रभावित कर्मचारियों और स्टॉफ का कहना है कि वीआईपी और प्रशासनिक गतिविधियों के केंद्र माने जाने वाले कलेक्ट्रेट परिसर के ठीक पीछे सीसी सड़क का न होना व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान लगाता है। देखा जाए तो हर साल मानसून के दौरान इस मार्ग पर कीचड़ और गड्ढों के कारण स्थिति जोखिमभरा हो जाती है, जिससे यहां कार्यरत कर्मियों के लिए दफ्तर पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं रहता। चूँकि स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने जिला प्रशासन तथा नगर पालिका से पुरजोर मांग की है, कि इस गंभीर समस्या को तत्काल संज्ञान में लेते हुए जल्द से जल्द सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दिनों में होने वाली इस मुसीबत से हमेशा के लिए निजात मिल सके।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें