
देवकर / बेमेतरा:-पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES), देवकर में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए एक विशेष मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सही करियर चुनने, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी बिना किसी मानसिक दबाव के करने तथा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना था। कार्यशाला से विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राएं विशेष रूप से लाभान्वित हुए।
’बढ़व संगवारी’ टीम के विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में “बढ़व संगवारी” (Payback to Society) टीम के प्रख्यात विशेषज्ञों ने वक्ता के रूप में शिरकत की और विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में शामिल प्रमुख वक्ता निम्नलिखित रहे:
- डॉ. मीरा बघेल (एम.बी.बी.एस., स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं सेवानिवृत्त उपसंचालक, स्वास्थ्य विभाग)
- सी.ए. विष्णु दत्त बघेल (सामाजिक एवं राजनीतिक विचारक कार्यकर्ता)
- डॉ. राधेश्याम बघेल (सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक, एस.सी.ई.आर.टी. छत्तीसगढ़)
- रामेश्वरी परगनिहा (सामाजिक कार्यकर्ता एवं समन्वयक “बढ़व संगवारी”)
विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को भविष्य के बेहतरीन करियर विकल्पों की जानकारी दी, साथ ही परीक्षाओं के दौरान आने वाले तनाव से बचने और संतुलित जीवनशैली अपनाने के बहुमूल्य गुर सिखाए।
प्राचार्य एवं शिक्षकों का सराहनीय योगदान
विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार डहाले ने इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक सत्र विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा और सफल संचालन विद्यालय की रसायनशास्त्र की व्याख्याता अंजू वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में अंजू वर्मा ने सभी अतिथि प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके बहुमूल्य समय तथा मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
