दुर्ग (छत्तीसगढ़)
दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आर्य नगर से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, निजी मकान में रहने वाले पति-पत्नी के शव घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटके पाए गए, वहीं उनके दो मासूम बच्चे बेड पर मृत अवस्था में मिले।
मृतकों की हुई पहचान
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है:
- गोविंद साहू (पति)
- चंचल साहू (पत्नी)
- यशांक साहू (बेटा)
- दृष्णा साहू (बेटी)
नींद के इंजेक्शन की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को मौत के घाट उतारने के लिए पहले उन्हें नींद का कोई हैवी इंजेक्शन दिया गया होगा, जिसके बाद पति-पत्नी ने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, मौत की असली और सटीक वजह क्या है, यह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी:
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मोहन नगर थाना पुलिस के साथ-साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इलाके में खड़े हो रहे कई सवाल
हंसते-खेलते परिवार के इस तरह अचानक खत्म हो जाने से स्थानीय लोग सदमे में हैं। आखिर इस आत्मघाती कदम के पीछे क्या वजह थी? क्या यह सामूहिक आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और गहरा राज है? इन तमाम पहलुओं पर पुलिस बारीकी से तफ्तीश कर रही है। फिलहाल, सभी की नजरें अब पुलिस की विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
– ब्यूरो रिपोर्ट, दुर्ग।
