दुर्ग। महादेव ऐप जैसे ऑनलाइन जुआ और सट्टा प्लेटफार्मों के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोहन नगर पुलिस ने श्रीनगर उरला क्षेत्र में दबिश देकर मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नगदी और मोबाइल फोन जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीनगर उरला क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए रुपयों का दांव लगवाकर लोगों से ऑनलाइन जुआ खिलवा रहा है। सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना प्रभारी ने एक विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की, जहां आरोपी सट्टे का संचालन करते हुए पकड़ा गया।
हजारों का सामान और नगदी जब्त
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 1,500 रुपये नगद और सट्टे में प्रयुक्त 01 कीमती मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 21,500 रुपये बताई जा रही है।
आरोपी पर कड़ी कार्रवाई
पकड़े गए आरोपी की पहचान योगेश सिंह राजपूत (उम्र 19 वर्ष), निवासी आदित्य नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6, 7, 8 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस की चेतावनी
दुर्ग पुलिस ने सख्त लहजे में कहा है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध जुआ या सट्टा गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास इस तरह का कोई भी अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

