ताज़ा खबर :

दुर्ग: पुलगांव में महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी चंद घंटों में सुझी, 2 आरोपी गिरफ्तार; दुष्कर्म के विरोध पर की थी हत्या

दुर्ग / पुलगांव:

दुर्ग जिले के थाना पुलगांव क्षेत्र में महिला की सनसनीखेज हत्या के ‘अंधे कत्ल’ की गुत्थी को पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज चंद घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने पैसों का प्रलोभन देकर महिला को सुनसान जगह पर ले जाया था और विरोध करने पर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी थी।

​क्या था पूरा मामला?

​17 जुलाई 2026 को मृतका भगवंतीन साहू के परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया था कि महिला 16 जुलाई की सुबह तहसील कार्यालय दुर्ग के पास स्थित पटेल चौक मजदूरी करने गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी।

​उसी रात पुलिस को पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। शिनाख्त के बाद शव की पहचान भगवंतीन साहू के रूप में हुई, जिनके सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 653/2026 (धारा 103(1) BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

​सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

​मामला गंभीर और अंधा कत्ल होने के कारण पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर नितेश ठाकुर और हर्ष यादव पर संदेह गहराया।

​कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को वे शराब के नशे में घूम रहे थे और तहसील कार्यालय के पास महिला को पैसों का प्रलोभन देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पास एक सुनसान जगह पर ले गए।

​विरोध करने पर गमछे से गला घोंटा और पत्थर से कुचला

​सुनसान स्थान पर ले जाकर आरोपियों ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला द्वारा कड़ा विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी देने पर आरोपियों ने घबराकर उसकी हत्या करने की योजना बनाई। आरोपी हर्ष यादव ने गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि नितेश ठाकुर ने भारी-भरकम बोल्डर पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

​वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और अपने खून से सने कपड़े बदलकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर और घटना के वक्त पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।

​गिरफ्तार आरोपी

  1. हर्ष यादव (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम पीसेगांव, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
  2. नितेश ठाकुर (उम्र 20 वर्ष), निवासी चंदखुरी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।

​पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें


दुर्ग: बैंक जा रहे यात्री की जेब से 74 हजार पार, ऑटो चालक और उसके साथी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई क्षेत्र में ऑटो में सवार यात्री…