दुर्ग:
दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार बटनदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 21 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6:10 बजे की है। प्रार्थी परमेश्वर ढीमर अपने साथियों के साथ ग्राम जेवरा स्थित तालाब किनारे बैठा हुआ था। इसी दौरान ग्राम जेवरा निवासी आरोपी दुलेश्वर टंडन उर्फ दुलरवा (23 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।
जब प्रार्थी ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार बटनदार हथियार से प्रार्थी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी बाएं जांघ, सीने और बाएं हाथ की उंगली पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रार्थी की शिकायत पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 666/2026 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी दुलेश्वर टंडन को धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 1 नग धारदार बटनदार हथियार जप्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं (296, 115(2), 351(3), 119(1), 118(1)) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान कानूनसम्मत और शांतिपूर्ण तरीके से करें। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।
