ताज़ा खबर :

दुर्ग: महिला पर बैटरी केमिकल से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अरसनारा के पास एक महिला पर बैटरी केमिकल डालकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल का डिब्बा भी जप्त कर लिया है।

​घटना का विवरण

​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल होने ग्राम कोडिया आई हुई थी। इसी दौरान, आरोपी महेश दास (उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कारंजा भिलाई) पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से रंजिश मान रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी मोटरसाइकिल से ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा और टिन के डिब्बे में रखे बैटरी केमिकल को पीड़िता के ऊपर छिड़क दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

​त्वरित पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

​घटना की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हालचाल जाना। नंदिनी नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 124(1) के तहत अपराध (क्रमांक 271/2026) पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

​रातभर पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कारंजा भिलाई में घेराबंदी कर आरोपी महेश दास को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल युक्त डिब्बा जप्त कर लिया गया। आरोपी को आज (18 अगस्त 2026) विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस की अपील:

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्यक्तिगत विवाद या आपसी मतभेद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि से बचें। विवाद होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर पुलिस सख्त और त्वरित वैधानिक कार्रवाई करेगी।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें