राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने हाईटेक ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट के खिलाफ अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए मामले के मुख्य मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी सादिक खान को पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से घेराबंदी कर पकड़ा है। वह ‘सांई ऐप’ के जरिए सट्टे की आईडी और पासवर्ड बेचकर पिछले दो वर्षों से इस अवैध कारोबार का संचालन कर रहा था।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नागपुर में दबिश
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का पीछा करते हुए नागपुर में दबिश दी। पुलिस ने मानकापुर निवासी आरोपी सादिक खान (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर राजनांदगांव लाया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह प्रत्येक सट्टा आईडी और पासवर्ड के बदले ग्राहकों से 5,000 से 10,000 रुपये वसूलता था। इसके अलावा ऐप में तकनीकी सुधार के नाम पर भी 2,000 से 3,000 रुपये फोनपे और क्यूआर कोड के माध्यम से लिए जाते थे।
6 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
गौरतलब है कि 06 अप्रैल 2026 को राजनांदगांव पुलिस ने मोहारा नाला के पास संचालित इस हाईटेक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान 06 आरोपियों (वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन, लक्की देवांगन और मूलचंद प्रजापति) को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल और नकदी सहित करीब 5.50 लाख रुपये का मशरुका जप्त किया गया था। तब से मुख्य आरोपी सादिक खान फरार चल रहा था।
इन धाराओं के तहत कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर में निम्नलिखित धाराओं के तहत मामला दर्ज है:
- छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम: धारा 6, 7, 8
- भारतीय न्याय संहिता (BNS): धारा 318(4), 112(2)
- आईटी एक्ट: धारा 66(D)
पुलिस ने आरोपी के पास से एक एप्पल (Apple) कंपनी का मोबाइल फोन जप्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल वारंट पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहना
इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मारम, बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उपनिरीक्षक नरेश बंजारे, इब्राहिम खान, देवादास भारती और आरक्षक मनीष वर्मा व हरिश ठाकुर की विशेष भूमिका रही।
