बालोद/दुर्ग: जिले के वनांचल स्थित श्री जामड़ी पाटेश्वर धाम, जहां विश्व के प्रथम ‘मां कौशल्या धाम’ का निर्माण कार्य चल रहा है, में इन दिनों पुरुषोत्तम मास महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न समाजों के प्रांतीय सम्मेलनों का दौर जारी है। इसी कड़ी में 6 जून को छत्तीसगढ़ सर्व कुर्मी समाज का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन भव्य रूप से संपन्न हुआ।

समाज के दिग्गजों की रही उपस्थिति
इस गौरवमयी कार्यक्रम में दुर्ग सांसद और कुर्मी समाज के प्रदेश अध्यक्ष विजय बघेल और मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज (बलौदाबाजार) के प्रदेश अध्यक्ष खोडस राम कश्यप मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन में प्रदेश के 16 जिलों से 8 राजप्रधानों के साथ-साथ बिलासपुर, भाटापारा, तिल्दा, रायपुर, कुम्हारी, दुर्ग, पाटन, बेरला, धमधा, साजा और बेमेतरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 1,000 की संख्या में समाज के पदाधिकारी, मातृशक्ति और बंधु शामिल हुए।

मां कौशल्या धाम के निर्माण में बढ़-चढ़कर दें सहयोग: संत श्री राम बालक दास
पाटेश्वर धाम के संचालक संत श्री राम बालक दास जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि मां कौशल्या प्रभु श्रीराम की माता और क्षत्रिय कुल की देवी हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि जिस प्रकार प्रदेश का सर्व समाज इस पुनीत कार्य में सहयोग कर रहा है, कुर्मी समाज को भी इस भव्य निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि धाम परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति की स्थापना की जा रही है, जो पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।
दर्शन और भविष्य की कार्ययोजना
सम्मेलन के दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने गुरुदेव के समाधि स्थल का दर्शन किया और निर्माणाधीन मां कौशल्या मंदिर की प्रगति देखी। कार्यक्रम में भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रांतीय सम्मेलन पाटेश्वर धाम में आयोजित करने पर सहमति बनी।
आगामी कार्यक्रम
संत श्री राम बालक दास जी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास महोत्सव की श्रृंखला में आगामी आयोजन निरंतर जारी रहेंगे:
- 7 जून: मरार पटेल समाज का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन।
- 9 जून: प्रदेश स्तरीय साहू समाज का सम्मेलन।
संत जी ने प्रदेशवासियों को इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।
