ताज़ा खबर :

कबीरधाम: वृद्ध महिलाओं से चेन स्नेचिंग करने वाले अंतरराज्यीय/स्थानीय गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार; सोना और मोटरसाइकिल बरामद

कबीरधाम: जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कबीरधाम पुलिस ने वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चेन स्नेचिंग करने वाले 3 मुख्य आरोपियों समेत चोरी का माल खपाने वाले 3 अन्य सहयोगियों—कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, नगदी और घटना में प्रयुक्त 3 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

​ऐसे देते थे वारदातों को अंजाम

​पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। पिछले दो महीनों से जिले के विभिन्न थानों (पिपरिया, पांडातराई और चौकी पौड़ी) के अंतर्गत लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ अज्ञात बदमाश बाइक पर मुँह ढँककर आते हैं और सूने रास्तों पर अकेली वृद्ध महिलाओं को पाकर उनके गले से सोने-चांदी के जेवरात झपटकर फरार हो जाते हैं। इन मामलों में थानों में अपराध दर्ज कर पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार सुराग तलाश रही थी।

​पूछताछ में हुआ खुलासा और बरामदगी

​जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी नैनदास बंजारे, मनोज जांगड़े और राधेलाल चतुर्वेदी को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे रेकी करने के बाद अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे। वहीं, उन्होंने छीने गए सोने के आभूषणों को नीतीश बंशे, खेलन डहरिया और बबला डहरिया को बेचने की बात बताई, जिसके बाद इन तीनों को भी हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामग्री बरामद की है:

  • 3 मोटरसाइकिलें (अनुमानित कीमत: 2,50,000 रुपये)
  • लगभग 6 ग्राम सोना (अनुमानित कीमत: 90,000 रुपये)
  • 1,000 रुपये नकद
  • कुल जप्त मशरूका की कीमत: 3,41,000 रुपये

​गिरफ्तार आरोपियों के नाम

​पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सभी 6 आरोपी बैहरसरी (चौकी पौड़ी, थाना बोड़ला) के निवासी हैं:

  1. ​नैनदास बंजारे (23 वर्ष)
  2. ​मनोज जांगड़े (22 वर्ष)
  3. ​राधेलाल चतुर्वेदी (23 वर्ष)
  4. ​बबला डहरिया (28 वर्ष)
  5. ​खेलन डहरिया (25 वर्ष)
  6. ​नितिश बंशे (25 वर्ष)

​इस पूरी कार्रवाई और खुलासे में साइबर सेल और थाना पिपरिया, पांडातराई एवं चौकी पौड़ी की पुलिस टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें


गृह निर्माण मण्डल अंतर्गत बेमेतरा सब डिवीजन में करोड़ो के प्रोजेक्ट में अफसरों की लापरवाही से खड़ा हो रहा सवाल

बेमेतरा:- छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल कवर्धा संभाग अंतर्गत बेमेतरा ज़िला उपसंभाग में…