ठेलकाडीह (केसीजी): छत्तीसगढ़ के केसीजी जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बैंक लोन चुकाने को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी तारण चतुर्वेदी (28 वर्ष) और उसकी पत्नी सुरूज बाई चतुर्वेदी के बीच बैंक लोन चुकाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। 16 जुलाई 2026 को भी इसी बात पर विवाद हुआ, जिससे आक्रोशित होकर आरोपी ने अपनी पत्नी के सिर पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया।
अस्पताल में हुई मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल सुरूज बाई को उपचार के लिए दुर्ग के शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़िता की मां कुन्ती बाई बघेल की रिपोर्ट पर थाना ठेलकाडीह में पहले ही मामला दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान सुरूज बाई की मृत्यु हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा (भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)) जोड़कर जांच तेज कर दी।
भिलाई के होटल से पकड़ा गया आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। थाना ठेलकाडीह पुलिस ने स्मृति नगर चौकी (भिलाई) के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी तारण चतुर्वेदी को भिलाई में सूर्या मॉल के समीप एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा और घटना के समय पहने हुए कपड़े (बनियान व बरमूडा) बरामद कर लिए हैं। आरोपी को 19 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
