खैरागढ़।
ईंधन की आसमान छूती कीमतों और कथित आपूर्ति संकट के खिलाफ कांग्रेस ने रविवार को खैरागढ़ में सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर रविवार दोपहर 3 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नगर के किल्लापारा स्थित पेट्रोल पंप के सामने एकत्रित हुए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। आंदोलनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिससे कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया।
नेताओं ने साधा सरकार पर निशाना
- शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा, “कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले ही देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बेतहाशा बढ़ने की आशंका जताई थी, जो आज बिल्कुल सच साबित हो रही है। सरकार आम जनता को राहत देने में पूरी तरह नाकाम रही है।”
- विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने विरोध जताते हुए कहा कि ईंधन के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी के घर का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है। महंगाई चरम पर है और इसके लिए मौजूदा नीतियां जिम्मेदार हैं।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम कर आम जनता को जल्द राहत नहीं दी गई, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक बनाया जाएगा।

