कुम्हारी/दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ऑक्सीजन सिलेंडर से लदे एक खड़े ट्रैक्टर से तेज रफ्तार स्कूटी टकरा गई, जिससे मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।

अमृत विहार से रायपुर जा रहा था परिवार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) अपनी स्कूटी पर परिवार के साथ रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए निकली थी। स्कूटी पर सवार कुल पांच लोग थे। इस दौरान कुम्हारी के पास नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर (क्रमांक CG 07 NA 0930) के पिछले हिस्से से स्कूटी अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में:
- अमृत निर्मलकर (28 वर्ष)
- लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष)
- याचना (7 वर्ष)
- डाली (4 वर्ष)
वहीं, इस हादसे में भावेश (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज एम्स रायपुर में चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। साथ ही ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा इस मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
