बेमेतरा/नवकेशा: ग्राम पंचायत नवकेशा में जीव दया और सेवा भावना का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला है। यहाँ प्राथमिक शाला के पीछे एक गौ माता गंभीर रूप से फंस गई थी, जिसे ग्रामीणों की सूझबूझ और भारी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
क्रेन बुलाकर किया गया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और युवा मौके पर एकत्रित हो गए। गाय ऐसी जगह फंसी थी कि उसे सामान्य रूप से निकालना संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल क्रेन बुलवाई। घंटों चली कड़ी मशक्कत के बाद गौ माता को सकुशल बाहर निकाला गया।
तत्काल कराया गया उपचार
बाहर निकालने के बाद गौ माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए तुरंत डॉक्टर से संपर्क किया गया। डॉक्टर ने मौके पर पहुँचकर गाय का परीक्षण किया और उसे आवश्यक सुई (इंजेक्शन) व दवाइयां दीं, जिससे उसकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
इनका रहा विशेष योगदान
इस पुनीत सेवा कार्य में वार्ड नंबर 10 के पंच पति सहित गाँव के नव युवक ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। युवाओं की तत्परता और सामूहिक प्रयासों की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि संकट में फंसे किसी भी जीव की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है।
