दुर्ग: जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र स्थित इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में शेड का ताला तोड़कर बिजली वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी कुलदीप कौशिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से कटे हुए बिजली वायर और वायर काटने में प्रयुक्त कटर बरामद किया गया है।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
प्रार्थी प्रकाश कुमार मरकाम (सहायक अभियंता, दुर्ग संभाग) ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास निगम के इंजीनियरिंग पार्क हथखोज के शेड एफ-01 का ताला तोड़कर करीब 350 मीटर बिजली वायर (कीमत लगभग 30,000 रुपये) चोरी कर लिया गया है।
मामले में पुलिस ने पहले ही एक आरोपी रवि राव उर्फ विठ्ठल को 8 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दूसरा आरोपी कुलदीप कौशिक लगातार फरार चल रहा था।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और लगातार पतासाजी के बाद फरार आरोपी कुलदीप कौशिक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी के साथ मिलकर ताला तोड़कर बिजली वायर चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पीले रंग के थैले में रखे विभिन्न रंगों (लाल, पीला, नीला, काला व नारंगी) के कटे हुए बिजली वायर और एक थर्माकोल कटर बरामद किया गया। जप्त कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 45,000 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी
- कुलदीप कौशिक (निवासी- पुरानी भिलाई क्षेत्र, जिला दुर्ग)
पुलिस द्वारा जप्त सामग्री
- विभिन्न रंगों में कई टुकड़ों में कटा हुआ बिजली वायर (कीमत करीब ₹45,000)
- 01 नग थर्माकोल कटर
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
