विकासखंड बेरला के अंतर्गत आने वाले शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सण्डी में आज ‘न्योता भोज’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं पालकों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन हुआ।

विद्यालय के शिक्षक ओमनारायण साहू को हाल ही में ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकार (ज्ञानदीप पुरस्कार 2026)’ से सम्मानित किया गया है। इसी उपलब्धि की खुशी में, नवरात्रि के पावन पर्व पर उन्होंने अपने पूरे शाला परिवार को न्योता भोज कराया। इस विशेष भोज में बच्चों और अतिथियों को चावल, दाल, सब्जी, पूरी और खीर बड़े ही प्रेम भाव से परोसी गई।
कार्यक्रम के संबंध में शिक्षक ओमनारायण साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से न्योता भोज जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इससे बच्चों में सामाजिक समरसता, भाईचारा और पोषण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलता है।
प्रमुख जनप्रतिनिधि और शिक्षक रहे मौजूद
इस गरिमामय कार्यक्रम में ग्राम सरपंच सेवाराम साहू, उपसरपंच तखतराम साहू, शाला प्रबंधन समिति (SMC) अध्यक्ष सरिता साहू, सीएसी राजासिंह वर्मा, संस्था प्रमुख एन. आर. साहू, प्रधान पाठक वीरेन्द्र कुमार सिन्हा एवं शिक्षक लोकेश साहू, मनीषा देवांगन, सूरज खांडे, नीलेश वर्मा, राधेश्याम ईसदा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एसएमसी सदस्यों, पालकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।
