राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने जनहितैषी कार्य करते हुए गुम हुए 25 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3.75 लाख रुपये बताई जा रही है। शुक्रवार को पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। मोबाइल वापस पाकर मालिकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चला अभियान
जिला राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में गुम मोबाइलों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और सक्रियता दिखाते हुए अलग-अलग स्थानों से गुम हुए 25 मोबाइलों को खोज निकाला।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
आज दिनांक 17 जुलाई 2026 को थाना बसंतपुर परिसर में सभी मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। इस दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “यदि किसी व्यक्ति को कोई गुम हुआ मोबाइल मिलता है, तो उसका स्वयं उपयोग न करें। इसे निकटतम पुलिस थाना में जमा कराएं ताकि उसे उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके। यह आपकी एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में पहचान होगी।”
पुलिस ने स्पष्ट किया कि गुम मोबाइलों की तलाश और उनकी बरामदगी का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही को सफल बनाने में थाना बसंतपुर की टीम से सीसीटीएनएस आरक्षक श्रवण पैकरा, आरक्षक फागू साहू, ललित रावटे एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
