बेमेतरा। जिले के साजा थाना क्षेत्र के ग्राम परसबोड में एक युवक को धारदार हथियार लहराते हुए गाली-गलौज करना और जान से मारने की धमकी देना भारी पड़ गया। प्रार्थिया की शिकायत पर साजा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 9 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। ग्राम परसबोड निवासी प्रार्थिया कुंजू बाई वर्मा ने थाना साजा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गाँव का ही करण ठाकुर (22 वर्ष) हाथ में लोहे का धारदार हथियार लेकर उनके घर के सामने पहुँचा। आरोपी जोर-जोर से अश्लील गालियां देते हुए प्रार्थिया के बड़े बेटे रवि वर्मा को बाहर निकलने और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था।
जब प्रार्थिया और उसके छोटे बेटे ने बाहर आकर बीच-बचाव करना चाहा, तो आरोपी और उग्र हो गया। उसने हथियार लहराते हुए कहा कि “आज इसे जिंदा नहीं छोडूंगा।” गनीमत रही कि उस वक्त रवि वर्मा घर पर मौजूद नहीं था, अन्यथा कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी।
पुलिस की कार्यवाही और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन में साजा थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी करण ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
कानूनी कार्यवाही
साजा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक के तहत धारा 296 (अश्लील कृत्य), 351 (3) (आपराधिक धमकी) BNS और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया। आरोपी को 10 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका: इस कार्यवाही में निरीक्षक रोशन लाल टोन्डे, सउनि बनवाली राम सोनकर, प्रधान आरक्षक पवन सिंह, विजेन्द्र सिंह और आरक्षक अर्जुन ध्रुव व गोलू पटेल का विशेष योगदान रहा।

