भिलाई नगर, 2 जून 2026: दुर्ग पुलिस को क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भिलाई नगर क्षेत्र के सेक्टर-10 में लगातार हो रही छोटी-मोटी चोरियों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक शातिर गिरोह को दबोचा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है, साथ ही गिरोह में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को भी हिरासत में लिया है।
लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस की कार्रवाई
थाना भिलाई नगर क्षेत्र के सेक्टर-10 के घरों से लगातार छोटी-मोटी चोरियों की सूचनाएं मिल रही थीं। इस पर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस ने थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 282/2026 (धारा 303 बीएनएस) और अपराध क्रमांक 288/2026 (धारा 331 (4), 305 (ए) बीएनएस) दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया था।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी करके आरोपी अंशुल सैनी और एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी अमन साव को भी दबोच लिया गया। आरोपियों के पास से चोरी का माल ढोने में इस्तेमाल होने वाली एक मालवाहक गाड़ी (ऑटो) और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
चोरी का माल खरीदने के कारण आरोपी अमन साहू के खिलाफ मामले में धारा 305 (1), 317 (2) और धारा 3 (5) जोड़ी गई है।
कुल ₹4.14 लाख से अधिक का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सामान जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत 4,14,000 रुपये आंकी गई है:
- 02 नग ए.सी. का आउटर (कीमत करीब 49,000 रुपये)
- चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और माल ढोने वाली गाड़ी (ऑटो) (कीमत करीब 3,65,000 रुपये)
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- अंशुल सैनी (उम्र 20 वर्ष) – निवासी: सेक्टर 10, भिलाई नगर
- अमन साव (उम्र 22 वर्ष) – निवासी: गौतम नगर, सुपेला
