तिल्दा। तिल्दा थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शराब की लत से परेशान एक कलयुगी बेटे ने अपने 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता की लकड़ी से मार-मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक बुजुर्ग रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब पार्टी और रोज-रोज के विवाद से नाराज था बेटा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान संतु कोठारी (70 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। संतु कोठारी को शराब पीने की गंभीर लत थी। वह अक्सर घर पर ही अन्य लोगों को बुलाकर शराब पार्टी किया करते थे। पिता की इस हरकत से उनका बेटा बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू काफी समय से बेहद नाराज रहता था और इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था।
सोमवार रात हुआ खूनी संघर्ष
सोमवार रात को भी पिता और बेटे के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर राजू ने घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी उठा ली और अपने बुजुर्ग पिता पर हमला कर दिया। उसने पिता के सीने और शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ जानलेवा प्रहार किए। गंभीर चोटें आने के कारण बुजुर्ग संतु कोठारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घर में ही छिपाकर रखा था शव: हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा घबरा गया और उसने पिता के शव को घर के भीतर ही छिपाकर रख दिया था।
वार्ड पार्षद की मुस्तैदी से पकड़ा गया आरोपी
घर के भीतर संदिग्ध हलचल और घटना की भनक लगते ही वार्ड पार्षद ने तत्काल इसकी सूचना तिल्दा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर से बुजुर्ग का शव बरामद किया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
तिल्दा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे बीरेंद्र कोठारी उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

