दुर्ग: जिले के धमधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रौंदा में घर का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चुराने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, टूल्लू पंप और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व पेचकस-रॉड बरामद कर लिए गए हैं। कुल जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 1,90,000 रुपये है।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
प्रार्थिया शाहजहां बेगम (निवासी ग्राम रौंदा) ने 9 अगस्त 2026 को थाना धमधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 3 अगस्त को घर में ताला लगाकर पिपरिया गई थीं और अगले दिन लौटने पर उनके घर का ताला टूटा मिला। चोरों ने घर के अंदर रखे 5,000 रुपये नगद, सोने के मनके, चांदी की पायल सहित कुल 45,000 रुपये का सामान पार कर दिया था।
रिपोर्ट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 331(4), 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
जांच के दौरान संदेह के आधार पर पकड़े गए आरोपी करण दास मानिकपुरी (उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम रौंदा) से कड़ाई से पूछताछ की गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने न सिर्फ इसी घर में बल्कि क्षेत्र की अन्य चोरियों को भी अंजाम दिया था। उसने वर्ष 2025 में ग्राम रौंदा के पूर्व माध्यमिक शाला से लैपटॉप और संत राम देवांगन के घर से टूल्लू पंप चोरी करने की बात भी कबूल की।
गिरफ्तार आरोपी
- करण दास मानिकपुरी (25 वर्ष), निवासी ग्राम रौंदा, थाना धमधा, जिला दुर्ग।
पुलिस द्वारा जप्त सामग्री
- सोने-चांदी के आभूषण
- नगदी रकम
- 01 नग लैपटॉप (चार्जर व माउस सहित)
- 01 नग टूल्लू पंप
- घटना में प्रयुक्त पेचकस-रॉड
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
- कुल जप्त संपत्ति की कीमत: लगभग 1,90,000 रुपये।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे लंबे समय के लिए घर बंद कर बाहर जाते समय अपने पड़ोसियों या स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना अवश्य दें। घर की सुरक्षा के लिए कीमती सामान बैंक लॉकर या सुरक्षित स्थान पर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
