ताज़ा खबर :

दुर्ग पुलिस का बड़ा खुलासा: AI और फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए ठगी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी मैरिज ब्यूरो की आड़ में देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी परमानंद यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर विवाह के इच्छुक लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, कंप्यूटर, नगदी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत कुल ₹2,83,600 की संपत्ति जब्त की है।

​आरोपी परमानंद यादव पिछले लगभग तीन महीने से उत्तर गंगोत्री भवन, सुपेला में एक हॉल किराए पर लेकर ‘कल्याण मैट्रिमोनी’, ‘एलिट मैच मैट्रिमोनी’ और ‘फ्यूचर पार्टनर’ के नाम से फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था। वह सोशल मीडिया पर एआई की मदद से तैयार सुंदर युवतियों की काल्पनिक तस्वीरें अपलोड कर विज्ञापन देता था। उसने दफ्तर में काम करने के लिए चार युवतियों को ₹7,000 प्रतिमाह वेतन का झांसा देकर रख रखा था, जिन्हें मैरिज काउंसलर बनाकर ग्राहकों से बात करने और QR कोड के माध्यम से पैसे मंगवाने का काम सौंपा गया था। विवाह के इच्छुक लोग जब संपर्क करते थे, तो उन्हें पसंद की लड़की से शादी कराने का झांसा देकर शुरुआत में रजिस्ट्रेशन और अन्य शुल्कों के नाम पर QR कोड के जरिए ₹2,000 व अन्य राशि वसूल की जाती थी और रकम मिलते ही पीड़ितों के नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।

​दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना सुपेला पुलिस ने मौके पर दबिश देकर संचालक परमानंद यादव और चार कार्यरत युवतियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने ₹1,64,000 नगद, 22 कीपैड और 04 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड, 1 सेट कंप्यूटर, एयरटेल वाई-फाई राउटर, विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक और पेमेंट QR कोड स्टैंड जब्त किया।

​आरोपी परमानंद यादव (उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा, जिला दुर्ग, वर्तमान पता: नेहरू नगर ईस्ट) के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1630/2026, धारा 317(2), 319(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। विभिन्न बैंकों के खातों की जांच करने पर समन्वय पोर्टल पर भी इन खातों के विरुद्ध शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।

​दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बिना सत्यता जांचे किसी भी मैरिज ब्यूरो या अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें, केवल तस्वीरों और ऑनलाइन प्रोफाइल के आधार पर विवाह का निर्णय न लें, अनजान व्यक्ति को अपना आधार कार्ड, बैंक विवरण, ओटीपी या दस्तावेज साझा न करें, और किसी लालच में अपना बैंक खाता दूसरों को उपयोग के लिए न दें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

WhatsApp
Facebook
Telegram
X

ख़बर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें

(संपर्क करें - 8817455556-9630244446)

और पढ़ें


पंडरिया के ग्राम किसुनगढ़ में नाली की सफाई के दौरान मिला मानव सिर का पुराना कंकाल, इलाके में सनसनी

कबीरधाम जिले के थाना पंडरिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम किसुनगढ़ से एक सनसनीखेज मामला…

कबीरधाम: घर और किराना दुकान में चोरी करने वाले मध्यप्रदेश के दो शातिर आरोपी गिरफ्तार, 1.74 लाख की संपत्ति जप्त

कबीरधाम / सहसपुर लोहारा:-कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में सांस्कृतिक…