बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौकरी लगवाने का झांसा देकर 8 लाख 38 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। आरोपी ने मंत्रालय रायपुर में वाहन चालक के पद पर नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर बेरोजगार युवकों से पैसे ऐंठे थे।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी खेमन लाल वर्मा (निवासी ग्राम बोतका, चौकी देवरबीजा, थाना बेमेतरा) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि शैलेन्द्र पात्रे नामक व्यक्ति ने उसे मंत्रालय रायपुर में वाहन चालक के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
आरोपी ने प्रार्थी के फूफेरे भाई यशवंत वर्मा के घर ग्राम लालपुर में नगद और ऑनलाइन माध्यम से निम्नलिखित रकम ली:
- खेमन लाल वर्मा से: ₹1,00,000/-
- यशवंत वर्मा से: ₹3,88,000/-
- धर्मेन्द्र वर्मा से: ₹3,50,000/-
- कुल ठगी की राशि: ₹8,38,000/-
पैसे लेने के बावजूद आरोपी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साजा में आरोपी शैलेन्द्र पात्रे के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शैलेन्द्र पात्रे (पिता राजकुमार पात्रे, उम्र 36 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 14, तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
- बरामदगी: पुलिस ने आरोपी के पास से घटना से संबंधित एक एंड्रॉयड मोबाइल (कीमती लगभग ₹15,000/-) और नगदी ₹500/- जप्त किया है।
दिनांक 03.10.2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू, चौकी प्रभारी देवकर उप निरीक्षक अलील चंद, उप निरीक्षक असीम किर्तनिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक चंचल पांडेय, प्रधान आरक्षक पवन राजपूत, दुर्गेश तिवारी, शिवराज सिंह, उमाशंकर ठाकुर तथा आरक्षक बिरेन्द्र चंद्रवंशी, शिव कुमार यादव, राजू यादव, गोकुल सोनी, अर्जुन ध्रुर्वे, प्रमोद बंजारे सहित समस्त साजा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

