दुर्ग जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नकली सोने के जेवरात को असली बताकर गिरवी रखने और कुल 8,25,000 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिटी कोतवाली दुर्ग और ACCU की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से नकली जेवर व मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 04.10.2026 को प्रार्थी पवन कुमार जैन (उम्र 37 वर्ष, निवासी भोई पारा, दुर्ग) ने थाना सिटी कोतवाली में लिखित आवेदन दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, सहेली आर्म्स (श्री शिवम मॉल, दुर्ग) के पास दिनांक 28.09.2026 और 30.09.2026 को एक महिला और एक पुरुष ने मिलकर कुल 84.880 ग्राम वजन के नकली सोने के जेवरात गिरवी रखे। इसके एवज में उन्होंने कुल ₹8,25,000/- नगद प्राप्त कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 555/2026, धारा 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित पतासाजी के आधार पर सबसे पहले रमेश कुमार और मीनाक्षी बाघ को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
उनके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर नकली सोने के जेवरात उपलब्ध कराने वाले तीसरे मुख्य आरोपी राजेश अग्रवाल को भी पुलिस ने धर दबोचा। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- रमेश कुमार (उम्र 35 वर्ष, निवासी- शिवानंद नगर, अग्रवाल किराना स्टोर के पास, रायपुर)
- मीनाक्षी बाघ (उम्र 39 वर्ष, निवासी- कादम्बरी नगर, स्ट्रीट नंबर 08, मीनाक्षी विला, दुर्ग)
- राजेश अग्रवाल (उम्र 45 वर्ष, निवासी- कबीर नगर, थाना कबीर नगर, रायपुर)
जप्त सामग्री
- 04 नग मोबाइल फोन
- नकली सोने के जेवरात (कुल वजन 84.880 ग्राम)
दुर्ग पुलिस की आम नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि सोने या अन्य कीमती आभूषणों की खरीदी-बिक्री अथवा उन्हें गिरवी रखने से पहले उनकी शुद्धता और वास्तविकता की अच्छी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करवा लें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने या पुलिस को दें।

