बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने रतनपुर थाना क्षेत्र के भैसाझार जंगल में हुए सूर्यप्रकाश बघेल नामक युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। कड़ी मेहनत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था।
जंगल में संदिग्ध हालत में मिला था शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब दिनांक 04/12/2025 को मृतक सूर्यप्रकाश बघेल के गुम होने की रिपोर्ट थाना रतनपुर में दर्ज कराई गई थी। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुमशुदा की तलाश भैंसाझार जंगल और डैम के आसपास की जा रही थी। इस दौरान, दिनांक 05/12/2025 को भैंसाझार जंगल की झाड़ियों के बीच गुम इंसान की मोटर साइकिल के पास ही उनका शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (IPS) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
दो सगे भाई निकले हत्यारे
हत्या की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अर्चना झा, SDOP श्री लालचंद मोहले, FSL और डॉग स्क्वॉड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध (Murder Case) पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
थाना रतनपुर और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने घटना से जुड़े सभी व्यक्तियों से गहन पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में, मृतक से 3 महीने पूर्व विवाद होने के कारण गाँव छोड़कर अलग रह रहे संदेही रंजीत खाण्डे और सुधीर खाण्डे को हिरासत में लिया गया।
कड़ाई से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
- गिरफ्तार आरोपी:
- रंजीत खाण्डे (उम्र 23 वर्ष, पिता स्व. तितरा राम खाण्डे)
- सुधीर खाण्डे (उम्र 21 वर्ष, पिता स्व. तितरा राम खाण्डे) (दोनों निवासी भैंसाझार, हाल मुकाम भरारी (भुण्डा))
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लोहे के पाईप और लकड़ी के बेंत का इस्तेमाल हत्या के लिए किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार और मोटर साइकिल को जप्त कर लिया है। पुलिस अन्य सहयोगी व्यक्तियों/पहलुओं के संबंध में लगातार पूछताछ कर रही है।

