बेमेतरा। आईफोन खरीदने के बाद दुकानदार को भुगतान का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का बेमेतरा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसएसपी रामकृष्ण साहू के निर्देशन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से ठगी का आईफोन 16, घटना में प्रयुक्त बुलेट और एक अन्य आईफोन 14 बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 2,72,535 रुपये बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
मामला 14 सितंबर 2025 का है, जब नया बस स्टैंड स्थित ‘शुभम मोबाइल’ दुकान में एक अज्ञात युवक पहुंचा। दुकानदार राजेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक ने आईफोन 16 खरीदने का सौदा 70,000 रुपये में तय किया। आरोपी ने दुकानदार को अपने मोबाइल पर 70,000 रुपये ट्रांसफर होने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया। जब दुकानदार ने अपना बैंक खाता चेक किया, तो राशि जमा नहीं हुई थी। इस बीच आरोपी झांसा देकर मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल और कोतवाली टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा।
- आरोपियों के नाम: 1. आफरीदी खान (20 वर्ष), निवासी धौराभाठा (दुर्ग) हाल मुकाम रायपुर। 2. ओमप्रकाश साहू (20 वर्ष), निवासी धौराभाठा (दुर्ग)।

पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल किया और बताया कि उन्होंने ठगी के आईफोन 16 को रायपुर में बदलकर आईफोन 14 ले लिया था।
जप्त की गई सामग्री
- आईफोन 16 (कीमत ₹72,535)
- आईफोन 14 (कीमत ₹50,000)
- घटना में प्रयुक्त बुलेट क्रमांक CG 04 LY 4810 (कीमत ₹1,50,000)
- कुल मशरुका: ₹2,72,535
बेमेतरा पुलिस की जनता से अपील
एसएसपी रामकृष्ण साहू ने व्यापारियों और आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि:
- डिजिटल भुगतान के समय केवल ग्राहक के स्क्रीनशॉट पर भरोसा न करें।
- अपने बैंक ऐप या UPI ऐप में जाकर बैलेंस और ट्रांजैक्शन की पुष्टि जरूर करें।
- ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक मयंक मिश्रा, सउनि जितेंद्र कश्यप और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।

