बिलासपुर (रतनपुर): नेशनल हाईवे-130 पर स्थित ‘हाईवे किंग ढाबा’ के पास हुई सनसनीखेज लूट की गुत्थी को रतनपुर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लूटी गई कार, मोबाइल व नकदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।
क्या था मामला?
घटना 1 फरवरी 2026 की है। प्रार्थी विजय कुमार राज (48 वर्ष), निवासी दीपका (कोरबा), अपनी महिला रिश्तेदारों के साथ बिल्हा से मेला देखकर स्विफ्ट डिजायर कार से वापस लौट रहे थे। रतनपुर के पास पेशाब करने के लिए गाड़ी रोकने पर दो कारों (क्रेटा और अर्टिगा) में सवार होकर आए 4 युवकों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी कार, 3 मोबाइल फोन तथा करीब 8,000 रुपये लूटकर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी (डीआईजी) श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर रतनपुर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने तत्काल अंबिकापुर और कोरिया जिले में दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
- विद्यादास महंत (सरगुजा)
- रामसुन्दर (कोरिया)
- राजीव कुमार सिंह (कोरिया)
- गुलशन कुजुर (कोरिया)
बदले की नीयत से की गई लूट
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि प्रार्थी विजय कुमार राज ने उन्हें तंत्र-विद्या और पूजा-पाठ के जरिए पैसे डबल करने का लालच देकर ₹2.5 लाख की ठगी की थी। जब प्रार्थी ने पैसे वापस नहीं किए, तो आरोपियों ने पीछा कर मदनपुर के पास मारपीट की और लूट की वारदात को अंजाम दिया।
जप्ती और बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, 3 मोबाइल और 8,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा और अर्टिगा कार भी जब्त कर ली गई है। कुल मशरूका की कीमत 2,28,000 रुपये आंकी गई है।
कड़ी चेतावनी: एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि झाड़-फूंक या तंत्र-विद्या के नाम पर पैसे दोगुना करने का झांसा देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे जालसाजों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय और उनकी टीम (उनि मेलाराम कठोतिया, प्र. आर. सैय्यद अकबर अली व अन्य) की मुख्य भूमिका रही।

