बेमेतरा / बेरला:– बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चंडी भाठा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गिट्टी खदान के गहरे पानी में डूबने से रायपुर के 21 वर्षीय युवक हर्ष दास मानिकपुरी की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने सोमवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला।

दोस्त के मामा के घर रुकने की थी योजना
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक हर्ष दास मानिकपुरी (21 वर्ष) पिता गोपाल दास मानिकपुरी, वार्ड नंबर 05, धनलक्ष्मी नगर, दरी तालाब के पास, भनपुरी (रायपुर) और थाना खमतराई क्षेत्र का रहने वाला था।
वह रविवार, 9 अगस्त 2026 को अपने दोस्तों भरत पटेल और प्रशांत लहरे के साथ रायपुर से बेमेतरा होते हुए बेरला पहुंचे थे। प्रशांत लहरे का ननिहाल ग्राम चंडी भाठा में होने के कारण सभी दोस्तों ने वहीं रुकने की योजना बनाई थी।
खदान के पास खाना खाने के बाद उतरे थे नहाने
रविवार शाम को दोस्तों ने घर से खाना पैक कराया था। चंडी भाठा चौक पहुंचने के बाद सभी गिट्टी खदान क्रशर की ओर चले गए। वहां क्रशर के पास बैठकर दोस्तों ने खाना खाया।
खाना खाने के बाद भरत पटेल, प्रशांत लहरे और हर्ष दास मानिकपुरी खदान के नीचे पानी में नहाने के लिए उतर गए। नहाने के दौरान हर्ष दास मानिकपुरी थोड़ा आगे बढ़ गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह अचानक डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने और खोजने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रात में युवक का पता न चलने पर थाने में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलने के बाद बेरला पुलिस हरकत में आई। सोमवार, 10 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस की रेस्क्यू टीम और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त मदद से हर्ष दास का शव खदान के गहरे पानी से बाहर निकाला गया।
बेरला पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पंचनामा कार्रवाई के लिए भेज दिया है। इस पूरे हादसे की आधिकारिक सूचना बेरला के एसडीएम कार्यालय को भी भेज दी गई है, और पुलिस आगे की कानूनी जांच में जुटी हुई है।
