बेमेतरा:
जिले में अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बेमेतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) त्रिलोक बंसल के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में, साइबर सेल और थाना बेरला की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 किलो 180 ग्राम अवैध गांजे के साथ तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से परिवहन में प्रयुक्त कार, नगदी और मोबाइल फोन समेत कुल 7,68,000 रुपये (सात लाख अड़सठ हजार रुपये) का माल जप्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर जमघट खारून नदी के पास की गई रेड कार्रवाई
09 अक्टूबर 2026 को थाना बेरला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार (क्रमांक CG04HX6717) में अवैध रूप से गांजा छुपाकर महासमुंद (पिटाई) की तरफ से सिमगा, सोमनाथ जमघट होते हुए बेरला की ओर लाया जा रहा है।
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम जमघट खारून नदी के पास आम रोड पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान कार में सवार आरोपी सुरज कुमार साहू और साहिल साहू को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे यह अवैध गांजा युधिष्ठिर बहेरा (निवासी सलडी, थाना साकरा, महासमुंद) से खरीदकर ला रहे थे। पुलिस ने तस्करों के नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुख्य सप्लायर युधिष्ठिर बहेरा को भी शिकंजे में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- सुरज कुमार साहू (पिता स्व. शिवकुमार साहू, उम्र 34 वर्ष, निवासी खर्रा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा)
- साहिल साहू (पिता स्व. सेवक राम साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी खर्रा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा)
- युधिष्ठिर बहेरा (पिता नारायण बहेरा, उम्र 24 वर्ष, निवासी सलडी, थाना साकरा, जिला महासमुंद)
जप्त सामग्री:
- 16 किलो 180 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा: कीमत लगभग 1,95,000/- रुपये
- सफेद रंग की कार (CG04HX6717): कीमत लगभग 5,00,000/- रुपये
- नगदी रकम: 13,000/- रुपये
- 03 नग टच स्क्रीन मोबाइल फोन: कीमत लगभग 60,000/- रुपये
- कुल जुमला कीमती: लगभग 7,68,000/- रुपये
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20 (ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बेमेतरा पुलिस का सख्त संदेश:
“अब नहीं बख्शे जाएंगे अपराधी।”
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। समाज में शांति, कानून व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इस संपूर्ण कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, थाना बेरला उप निरीक्षक राजकुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक उदल राम टांडेकर, प्रधान आरक्षक नोहर यादव, योगेश यादव, पोषण साहू, साइबर सेल और थाना बेरला के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

