
बेमेतरा:- जिले के ग्रामीण अंचलों में अब गुलाबी ठंड ने अपनी दस्तक दे दी है। नवरात्रि के आगमन के साथ ही मौसम में आए इस सुहावने बदलाव से सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। जिसमे सुबह-सुबह सड़कों पर छाया कोहरा राहगीरों के लिए काफी सावधानी का विषय बन गया है, वहीं खेतों-खलिहानों में ओस की बूंदें जमने लगी हैं, जो सर्दी के शुरुआत होने का अहसास करा रही हैं। चूंकि बदलते मौसम के साथ ही लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव साफ नजर आने लगा है। ठंड बढ़ने के बावजूद स्वास्थ्य के प्रति सजग लोग सुबह की सैर (मॉर्निंग वॉक) पर निकलने लगे हैं, वहीं छात्र भी ट्यूशन और कक्षाओं के लिए अलसुबह सड़कों पर दिखाई पड़ने लगे हैं। इस हल्की ठंड ने जहां सुबह के कामकाज में थोड़ी बहुत कनकनी बढ़ा दी है, वहीं पूरे जिले में बारिश के बाद ठंड के इस आगमन ने एक बड़ी खुशी की लहर दौड़ा दी है। वर्तमान में नवरात्रि का अंतिम दौर चल रहा है और इसके ठीक बाद दीपावली का महापर्व आने वाला है। ऐसे में त्योहारी सीजन के बीच मौसम का यह खुशनुमा मिजाज लोगों के उत्साह को और बढ़ा रहा है। फिलहाल आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और अधिक देखने को मिलेगा। जिसमे त्योहारों की रौनक और गुलाबी ठंड के इस संगम ने पूरे ग्रामीण अंचल के माहौल को बेहद सुहाना बना दिया है।

